जबलपुर: भेड़ाघाट थाना अंतर्गत तेवर में एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम तेवर निवासी किशनलाल कोल (58) पीडब्ल्यूडी विभाग में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। रोज की तरह वे अपनी ड्यूटी पर थे तभी उनके गांव के ही नेपाल सिंह ने उन्हें सूचना दी कि उनके बेटे विष्णु कोल का तेवर में ही एक एक्सीडेंट हो गया है।
हादसे की खबर मिलते ही घायल विष्णु को आनन-फानन में राहगीरों और परिजनों की मदद से इलाज के लिए तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इधर, बदहवास पिता किशनलाल भी सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने विष्णु का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। आज सुबह पीड़ित पिता किशनलाल कोल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि एक्सीडेंट कैसे और किस वाहन से और कैसे हुआ।
