कोटा (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को मानसून की तैयारियों, स्वच्छता, हरियाली, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति अभियान, अपराध नियंत्रण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।
श्री बिरला ने यहां सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी तीन माह में बड़े स्तर पर पौधारोपण और नशा मुक्ति अभियान को तेज करने पर भी जोर दिया।
श्री बिरला ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए शहर और गांवों में निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों को चरणबद्ध तरीके से एआई तकनीक से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से नालों के निर्माण एवं सुधार कार्य होंगे। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। सड़क सुरक्षा के लिए ब्लैक स्पॉट की पुनः समीक्षा कर आवश्यक सुधार के भी निर्देश दिए।
