भिंड: जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक परिवार से कट्टे की नोक पर लूट की। बदमाशों ने एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद सुनसान जगह पर बाइक रुकवाई और युवक, उसकी पत्नी व बहन को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद लाखों रुपए के जेवर, 12 हजार रुपए नकद और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
महुरी का पुरा निवासी धर्मेंद्र जाटव विदिशा में प्राइवेट नौकरी करता है और गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। वह अपनी पत्नी और बहन को बाइक पर बैठाकर एंडोरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान नहर की पुलिया के पास पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने धर्मेंद्र पर कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर महिलाओं से जेवर उतारने को कहा।
करीब 15 मिनट तक बदमाश लूटपाट करते रहे। उन्होंने महिलाओं के सोने का हार, मंगलसूत्र, मनचली, झुमकियां, करधोनी और पायल के साथ ही धर्मेंद्र के गले की सोने की चेन व 2 अंगूठियां लूट लीं। वारदात के बाद वे पर्स में रखे 12 हजार रुपए नकद और मोबाइल भी साथ ले गए ताकि पीड़ित पुलिस को तुरंत सूचना न दे सकें। मोबाइल छिन जाने के कारण धर्मेंद्र तुरंत किसी से मदद नहीं मांग सका। घटना के बाद पीड़ित परिवार किसी तरह गोहद चौराहा थाने पहुंचा और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
