रीवा: कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में मुकेश एंड मुकेश ऑर्केस्ट्रा द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘सुरताल महोत्सव’ का शानदार समापन हुआ। इस महोत्सव के शुरुआती तीन दिनों में विभिन्न संगीत और कला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिला। वहीं, महोत्सव के चौथे और अंतिम दिन ‘सेलिब्रेटी नाइट’ और ‘ओल्ड इज गोल्ड नाइट’ का विशेष आयोजन किया गया।
इस अंतिम शाम को सुर और ताल का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला कि पूरा ऑडिटोरियम तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बाहर से आए नामचीन कलाकारों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। मुख्य आकर्षण के रूप में दीपक अंश, मानसी पांडे, शिवम मिश्रा और अरविंद सिंह भदौरिया जैसे जाने-माने गायकों ने मंच संभाला। इन कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सदाबहार और कर्णप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
