सतना : जिले के उचेहरा अंतर्गत गोबरांव कला गांव में स्थित सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में चोरों ने धावा बोलते हुए वहां पर लगे 22 किलो के 2 पीतल के घंटे उखाड़ ले गए. आस्था के केंद्र के साथ-साथ ऐतिहासिक महत्व होने के कारण इस घटना से स्थानीय रहवासियों में आक्रोश फैल गया. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आई तो वे चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन पर विवश हो जाएंगे.उचेहरा क्षेत्र के गोबरांव कला गांव में स्थित सिद्धेश्वर नाथ मंदिर के मुख्य पुजारी चंद्रिका प्रसाद पाण्डेय और ग्रामीण जब पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में पहुंचे तो वहां की स्थिति को देखते हुए वे दंग रह गए.
शिव मंदिर और पार्वती मंदिर में लगे 11-11 किलो वजन के पीतल के घंटे गायब थे. इस घटना की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और खासी संख्या में स्थानीय रहवासी मंदिर में एकत्र हो गए. वहीं सूचना मिलने पर उचेहरा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आस पास के लोगों से जानकारी ली. ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर में लगे दोनों घंटे न सिर्फ आस्था का केंद्र थे बल्कि उनका ऐतिहासिक महत्व भी है. इसी कड़ी में ग्रामीणों ने आक्रोशित होते हुए बताया कि मंदिर की पवित्रता को भी क्षति पहुंचाई गई है. वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा के एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने की यह दूसरी घटना सामने आई है. लेकिन पुलिस की सुस्ती की वजह से चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं.
सरपंच ने दर्ज कराई शिकायत
घटना को देखते हुए ग्राम पंचायत गोबरांव कला की सरपंच गुडिय़ा कोल ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई की मांग की. वहीं दूसरी ओर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि श्दि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे. इसी कड़ी में ग्रामीणों ने सुरक्षा-व्यवस्था चाक चौबंद रखने की मांग भी की
