भोपाल। जहांगीराबाद इलाके में रविवार को गोवंश काटे जाने के आरोप को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने शब्बन चौराहे पर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कथित आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी की।
जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 3 से 4 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता जहांगीराबाद इलाके में पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का दावा है कि मौके पर पांच गाय जीवित मिलीं, जबकि तीन गायों के अवशेष पड़े थे। कार्यकर्ताओं ने अजहर अली, इमरान, आदिल और मुज्बील नाम के लोगों पर गोवंश काटने में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद बजरंग दल और VHP के कार्यकर्ता जहांगीराबाद थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने गोवंश के अवशेषों की जांच कराने के साथ कथित हमले और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने के मामले में भी कार्रवाई की मांग की। तीन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किए जाने का दावा भी किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौके पर मिले अवशेष किसके हैं और गोवंश काटने के आरोप में किन लोगों की भूमिका है।
