पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आत्मघाती हमलावर समेत आठ आतंकवादी मारे गये

इस्लामाबाद, 15 नवंबर (वार्ता) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने देश के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों के दौरान एक आत्मघाती हमलावर समेत आठ आतंकवादियों को मार गिराया है। सेना ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अंतर-सेवा जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुरक्षा बल बलूचिस्तान के विभिन्न इलाकों में अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्वेटा-तफ्तान राष्ट्रीय राजमार्ग पर गश्त भी की जा रही है।
बयान में कहा गया है कि प्रांत के कोलपुर इलाके में चलाए गए एक अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आठ

आतंकवादियों को मार गिराया और बड़ी मात्रा में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया। बयान के अनुसार, बाद में आतंकवादियों ने सशस्त्र क्वाडकॉप्टर (चार पंखों वाले ड्रोन) से गश्त कर रहे सैन्य वाहनों को निशाना बनाया, जिसमें सेना के एक अधिकारी और एक जवान की मृत्यु हो गई।
सेना ने बताया कि इलाके में बचे हुए आतंकवादी खतरे को खत्म करने के लिए तलाशी और सफाई अभियान जारी है। बयान में यह भी कहा गया है कि आतंकवादी समूह आम नागरिकों और सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाने के लिए ड्रोन, शक्तिशाली विस्फोटक उपकरणों और अन्य तकनीकी साधनों का इस्तेमाल तेजी से कर रहे हैं।
बयान के अनुसार, पाकिस्तान के सुरक्षा बल और कानून प्रवर्तन एजेंसियां आतंकवाद विरोधी अभियान जारी रखेंगी। उन्होंने प्रांत में आतंकवाद खत्म करने और शांति तथा सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प जताया।

.....

Next Post

नारी शक्ति के सम्मान में भोपाल में हॉकी वॉकथॉन, मंत्री विश्वास सारंग और ओलंपियन विवेक सागर हुए शामिल

Sun Nov 15 , 2026
भोपाल। भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 को लेकर उत्साह बढ़ने लगा है। इसी क्रम में मंत्री विश्वास सारंग के नेतृत्व में नारी शक्ति को समर्पित हॉकी वॉकथॉन का आयोजन किया गया। होटल लेकव्यू रंजीत से वन विहार तक निकाली […]

You May Like