बाइडन ने ट्रंप पर भ्रष्टाचार, अहंकार, अक्षमता के गंभीर आरोप लगाए

मैरीलैंड, 28 जून (वार्ता) अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने पद छोड़ने के बाद अपने उत्तराधिकारी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अब तक का सबसे तीखा हमला करते हुए भ्रष्टाचार, अहंकार और अक्षमता के गंभीर आरोप लगाए हैं।

श्री बाइडन ने मैरीलैंड में डेमोक्रेटिक पार्टी के लिये एक चंदा जुटाने वाले कार्यक्रम के दौरान श्री ट्रंप की योजनाओं का मज़ाक उड़ाया और आरोप लगाया कि वह ‘व्यक्तिगत गौरव’ के लिए सार्वजनिक पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, श्री बाइडन ने समर्थकों से कहा, “यह सिर्फ उनकी अहंकार से भरी योजनाएं नहीं हैं, जैसे व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग को तोड़कर बॉलरूम बनाना, कैनेडी सेंटर पर अपना नाम लिखना या अपने सम्मान में एक मेहराब बनवाना। वह सच में निक्कमे हैं।”

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि ये परियोजनाएं ट्रंप प्रशासन की गहरी समस्याओं को दर्शाती हैं। उनके मुताबिक, यह इस प्रशासन के अहंकार और अक्षमता से भी बदतर चीज़ को दिखाता है और वह है बड़े पैमाने पर फैला भ्रष्टाचार। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी इतिहास में पहले कभी किसी प्रशासन में इस स्तर का भ्रष्टाचार नहीं देखा गया।

श्री बाइडन ने छह जनवरी 2021 को संसद परिसर पर हुए हमले में शामिल लोगों को मुआवजा देने के श्री ट्रंप के समर्थन की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “मुझे गुस्सा इस बात पर आता है कि श्री ट्रंप करदाताओं का पैसा उन दंगाइयों को देना चाहते हैं। वे लोग मुआवजे के हकदार नहीं हैं, बल्कि उन्हें एक लंबे समय के लिए जेल में डाल दिया जाना चाहिए।”

यह टिप्पणी व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद से श्री बाइडन के सबसे कड़े सार्वजनिक बयानों में से एक है। यह बयान श्री ट्रंप के खिलाफ उनकी उस ऐतिहासिक बहस के ठीक दो साल बाद आया है, जिसके कारण अंततः उन्हें अपना 2024 का चुनाव हारना पड़ा था।

पद से हटने के बाद श्री बाइडन श्री ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान समर्थकों में ऊर्जा भरने के लिए लगातार डेमोक्रेटिक पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। पिछले एक महीने में उन्होंने मैरीलैंड, साउथ डकोटा और अपने गृह राज्य डेलावेयर में पार्टी की बैठकों में हिस्सा लिया है।

दूसरी ओर, श्री बाइडन की पत्नी जिल बाइडन ने भी हाल ही में एक संस्मरण प्रकाशित किया है तथा प्रचार दौरा शुरू किया है। इसने 2024 के चुनाव में पार्टी की हार को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।

Next Post

कई राज्यों में फैला था ठगी का जाल,युवक गिरफ्तार, 10 एटीएम कार्ड, नगद जप्त

Mon Jun 29 , 2026
जबलपुर‌: बेलबाग पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर अपराधी को दबोचा है, जो बिना नंबर की स्कूटी पर घूमकर कई राज्यों में ठगी का जाल फैला रहा था। बेलबाग पुलिस ने चेकिंग के दौरान न्यू कंचनपुर निवासी 31 वर्षीय सौरभ कुमार रजक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से […]

You May Like