
छतरपुर। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को जिला अस्पताल से किया गया। अपर कलेक्टर विनय द्विवेदी ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान एसडीएम प्रशांत अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 28 जून को जिलेभर में पोलियो बूथों के माध्यम से बच्चों को दवा पिलाई गई। वहीं कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी।
सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता ने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत 3 लाख 4 हजार 334 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 2,382 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जबकि 6,510 टीम सदस्यों और 244 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और वितरण के लिए 28 फोकल प्वाइंट भी बनाए गए हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आनंद चौरसिया ने बताया कि सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य कायम रखा जा सके।
