
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत वार्ड नंबर 8 जैन मंदिर के पास में बीती रात दो बाइकों पर सवार होकर आए छह बदमाशों ने एक घर पर एक के बाद एक चार बम फेंके। इस हमले में घर की खिड़की और दरवाजों के कांच चकनाचूर हो गए, जबकि खिड़की के पास सो रही बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह के मुताबिक, वार्ड नंबर 8 निवासी पवन चक्रवर्ती और विशाल सोनकर के बीच पहले गहरी दोस्ती थी। किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ, जो समय के साथ गहरी दुश्मनी में बदल गया। इसी रंजिश के चलते जनवरी माह में पवन और उसके साथियों ने विशाल सोनकर पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई थी। इसकी एफआईआर भी दर्ज हुई थी। विशाल उसी गोलीबारी का बदला लेने की फिराक में था। जनवरी के हमले का बदला लेने के लिए विशाल सोनकर ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। बीती रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच, जब पूरा इलाका सो रहा था, सभी छह आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर पवन चक्रवर्ती के घर पहुंचे। आरोपियों ने पवन के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ चार देशी बमों से हमला कर दिया। धमाके इतने जोरदार थे कि पवन के घर की खिड़कियों और दरवाजों के कांच टूटकर बिखर गए। इस हमले में पवन की मां सरोज चक्रवर्ती कांच के टुकड़े लगने और बम के छर्रों के कारण घायल हो गईं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मुख्य आरोपी विशाल सोनकर और उसके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
