इंदौर: अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने अवैध रूप से ले जाई जा रही करीब 46 किलो चांदी जब्त कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. पकड़ी गई चांदी की कीमत करीब एक करोड़ 40 लाख रुपए बताई जा रही है. आरोपी चार सिल्लियों के रूप में चांदी को एक्सेस स्कूटर से ले जा रहे थे, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है.थाना प्रभारी अजय नायर ने बताया कि मंगलवार 27 जनवरी को अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में बीट ड्यूटी के दौरान आरक्षक उदय सिंह तोमर और सैनिक अर्जुन यादव उषा नगर चौराहे पर मौजूद थे, इसी दौरान दोपहर करीब 1.40 बजे एक संदिग्ध नीले रंग की एक्सेस स्कूटर नम्बर एमपी 09 यूसी 8483 को रोका, स्कूटर पर सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई. वाहन चालक ने अपना नाम सौरभ पिता कमलकिशोर सिसोदिया उम्र 25 वर्ष निवासी सुखदेव नगर मेन जबकि पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम पंकज पिता प्रहलाद निमावत उम्र 39 वर्ष निवासी हुकुमचंद कॉलोनी, थाना मल्हारगंज बताया था.
स्कूटर की डिक्की में रखी मिली 4 सिल्लियां
पुलिस द्वारा स्कूटर की डिक्की की जांच करने पर उसमें चार धातु की वजनी सिल्लीनुमा पैकेट मिले. इनमें तीन बड़े और एक छोटा पैकेट था, जिन्हें पुराने न्यूज पेपर और पैकेजिंग टेप से लपेटकर छिपाया था. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सिल्लियां कच्ची चांदी की हैं और उन्हें सराफा इंदौर ले जाया जा रहा था, लेकिन मौके पर चांदी के संबंध में कोई बिल या रसीद प्रस्तुत नहीं कर सके.
इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा मंगवाकर किया तौल
इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा मंगवाकर चांदी का वजन किया, जिसमें पहली सिल्ली का वजन 14.348 किलोग्राम, दूसरी का 14.900किलोग्राम, तीसरी का 14.104किलोग्राम तथा चौथी छोटी सिल्ली का वजन 2.848 किलोग्राम पाया गया. इस प्रकार कुल 46.2 किलोग्राम चांदी जप्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 करोड़ है. मामले में पुलिस ने चांदी और घटना में प्रयोग एक्सेस स्कूटर को जप्त कर लिया है. चांदी के सप्लायर और प्राप्तिकर्ता के संबंध में जांच की जा रही है. साथ ही आयकर विभाग और जीएसटी विभाग को भी अलग से सूचना दी जा रही है.
