भिंड: लहार नगर स्थित सुविख्यात जमवाय माता मंदिर में हुई बड़ी चोरी से नाराज श्रद्धालुओं ने अब कल 29 जून को प्रातः 11 बजे कुलदेवी जमवाय माता मंदिर प्रांगण, ग्राम बंथरी में महा-आक्रोश सभा कर अफसरों को ज्ञापन देने का ऐलान किया है।ग्राम बंथरी स्थित कुलदेवी जमवाय माता के मंदिर में विगत दिनों अज्ञात शातिर चोरों द्वारा माता जी का पवित्र छत्र एवं चांदी का मुकुट चोरी कर लिया गया था।
मंदिर में सुरक्षा की भारी चूक और चोरी की यह दूसरी घटना है, जिससे पूरे क्षेत्र के सनातन धर्मावलंबियों और माता भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस गंभीर विषय को लेकर स्थानीय पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली के विरोध में तथा अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी, आभूषणों की बरामदगी और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग हेतु मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार, मिहोना को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस महा-आक्रोश प्रदर्शन और शांतिपूर्ण आंदोलन की रणनीति तैयार करने तथा एकजुट होकर तहसील कार्यालय कूच करने हेतु समस्त क्षेत्रवासियों की महासभा बुलाई गई है। महासभा कुलदेवी जमवाय माता मंदिर प्रांगण, ग्राम बंथरी में कल सोमवार को होगी।
