सिंगरौली पुलिस की संवेदनशीलता से बची जच्चा-बच्चा की जान

सिंगरौली: सिंगरौली पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवीय सेवा का परिचय देते हुए प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला और उसके नवजात शिशु की समय पर मदद कर दोनों की जान सुरक्षित बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रविवार 28 जून की भोर करीब 4 बजे चौकी खुटार की एफआरवी-04 नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान खुटार बाजार के पहले तालाब के पास बाबूलाल केवट निवासी ग्राम ढेकी ने पुलिस टीम को बताया कि वह अपनी पत्नी सुमन केवट (25) को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मोटरसाइकिल खराब हो गई और सड़क पर ही प्रसव हो गया।

सूचना मिलते ही एफआरवी में तैनात आरक्षक 547 योगेन्द्र मिश्रा एवं एफआरवी पायलट रामभुवन शाह ने तत्काल चौकी प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती शीतला यादव तथा प्रधान आरक्षक 47 सच्चिदानंद तिवारी (रात्रि मुंशी) को अवगत कराया। पुलिस टीम ने बिना देर किए नवप्रसूता और नवजात को पूरी सावधानी के साथ एफआरवी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मां और नवजात दोनों को पूरी तरह सुरक्षित बताया। समय पर मिली सहायता से राहत महसूस कर परिजनों ने सिंगरौली पुलिस का आभार व्यक्त किया। यह घटना साबित करती है कि सिंगरौली पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ संकट की हर घड़ी में मानवता और सेवा भाव के साथ आमजन के लिए सदैव तत्पर रहती है।

Next Post

औद्योगिक आंकड़ों, मानसून की प्रगति से तय होगी बाजार की दिशा

Sun Jun 28 , 2026
मुंबई, 28 जून (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में पिछले सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर वैश्विक कारकों के साथ घरेलू स्तर पर जारी होने वाले औद्योगिक आंकड़ों और मानसून की प्रगति पर रहेगी।अमेरिका और ईरान के बीच अंतिम शांति समझौते की दिशा में प्रगति […]

You May Like