
जबलपुर। राह चलती महिलाओं को टारगेट कर कान कतरू गैंग के सदस्यों को क्राइम ब्रांच और अधारताल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबोचा। दो मुख्य आरोपियों सहित दो बालकों को गिरफ्तार किया है। लुटेरों के पास से चोरी की एक नीले रंग की यामहा मोटरसाइकिल और छीनी गई 6 सोने की झुमकी बरामद की गई हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
इस गैंग के निशाने पर मुख्य रूप से वह महिलाएं थीं जो अपने परिवार के साथ बाइक, स्कूटी पर पीछे बैठी होती थी। बदमाश पीछे से तेज रफ्तार टूव्हीलर पर आते हैं और पलक झपकते ही कान पर झपट्टा मारकर गहने खींच लेते थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के अनुसार, क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस की टीम को आनंद नगर में एक नीले रंग की आर-15 बाइक पर दो युवक सवार दिखे। पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर हिमांशू केवट (21 वर्ष) निवासी ग्राम भूलन, चौकी यादव कॉलोनी, थाना लॉर्डगंज, संतोष कोरी (25 वर्ष) निवासी ग्राम छत्तरपुर, थाना पनागर को धरदबोचा।
समदड़िया मॉल की पार्किंग से उड़ाई थी 2 लाख की स्पोर्ट्स बाइक
जब पुलिस ने दोनों युवकों से बाइक के दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की, कोई कागजात पेश नहीं कर सके। संदेह गहराने पर पुलिस दोनों को थाने ले आई और सघन पूछताछ शुरू की। कड़ाई बरतने पर आरोपियों ने कबूला कि उक्त चमचमाती स्पोर्ट्स बाइक उन्होंने करीब 1 महीने पहले थाना ओमती क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले समदड़िया मॉल की पार्किंग से पार की थी।
पॉकेट से निकले सोने के झुमके, उगले कई राज
पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली, तो उनकी जेब से सोने के झुमके बरामद हुए। इन आभूषणों के संबंध में जब पूछताछ की गई तो लुटेरों ने शहर में सक्रिय स्नैचिंग गैंग का पूरा कच्चा चिट्ठा खोल दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि इसी चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर उन्होंने अधारताल थाना क्षेत्र में एक महिला के कान से सोने की झुमकी छीनी थी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने बताया कि गैंग में उनके साथ दो और साथी हैं, जिनकी उम्र 17 वर्ष है। चारों मिलकर तेज रफ्तार बाइक से राह चलती महिलाओं को निशाना बनाते थे और पलक झपकते ही गायब हो जाते थे। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को भी अपनी अभिरक्षा में ले लिया है।
इन इलाकों में की थी वारदातें, बेच की फिराक में थे जेवर
आरोपियों ने शहर के अलग-अलग कोनों में दहशत मचा रखी थी। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे छीने हुए झुमकों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे। उन्होंने पनागर में 2 , बरगी, तिलवारा, माढ़ोताल में एक एक वारदातें की। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त आर-15 बाइक और 6 सोने की झुमकी कुल कीमती 8 लाख रुपये जब्त कर ली है।
