नयी दिल्ली, 29 जून (वार्ता) यूनान की यात्रा पर गये केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एथेंस में वहां के विकास मंत्री ताकिस थियोडोरिकाकोस के साथ एक बैठक की। श्री गोयल ने इस बैठक को ‘सार्थक’ बताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “ हमने व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग में विस्तार और आपूर्ति श्रंखलाओं की मजबूती के ज़रिए भारत-यूनान आर्थिक साझेदारी को अधिक सुदृढ़ करने पर चर्चा की।” दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों की साझा समृद्धि के लिए विनिर्माण, स्टार्ट-अप और उभरती हुई टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के मौकों पर भी बात की। श्री गोयल पिछले सप्ताह ब्रिटेन की अपनी यात्रा पूरी कर के एक उच्च स्तरीय भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ एथेंस पहुंचे हैं।
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार, निवेश प्रवाह और रणनीतिक आर्थिक सहयोग का विस्तार करना है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उनकी यूनान यात्रा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार की वैश्विक आर्थिक साझेदारियों को सुदृढ़ करने, नवाचार-आधारित विकास को प्रोत्साहन देने और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारत की व्यापार और निवेश कूटनीति को आगे बढ़ाने की निरंतर प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।
इस दौरान, प्रतिनिधिमंडल एथेंस स्टार्टअप बिजनेस इनक्यूबेटर (टीएचईए) के कार्यक्रम भी हिस्सा लेगा, जो अगली पीढ़ी के उद्यमों को प्रदर्शित करने और सीमा पार नवाचार साझेदारी को प्रोत्साहन के लिए एक मंच प्रदान करता है। श्री गोयल यूनान के अपने प्रवास में एथेंस चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसीसीआई) के तत्वावधान में आयोजित बैठक में भारत और यूनान के उद्योगपतियों को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रम में बुनियादी ढांचा, डिजिटलीकरण और रक्षा, तथा खाद्य एवं कृषि जैसे प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की जाएगी। भारतीय व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल उन्नत विनिर्माण और प्रौद्योगिकी-आधारित क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की संभावनाओं को तलाशने के लिए यूनान की प्रमुख कंपनियों का दौरा भी करेगा, जिससे दोनों देशों के बीच औद्योगिक तालमेल बेहतर होगा।

