सीएम का पुतला दहन कर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

जबलपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए जा रहे कथित जमीन घोटाले के आरोपों को लेकर प्रदेश की राजनीति में घमासान तेज हो गया है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के निर्देश पर जबलपुर शहर युवा कांग्रेस नेता एड. रोहित वंशकार(मोन्टी) और जिला महासचिव गौरव सिंह राजपूत के नेतृत्व में शनिवार को कांचघर चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कथित जमीन घोटाले की निष्पक्ष जांच कराने और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता कांचघर चौक पर एकत्रित हुए। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का- मुक्की और झड़प भी हुई।

युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सतेंद्र (सोनू) कुकरेले ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े जमीन प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। यदि सरकार पारदर्शिता और सुशासन की बात करती है तो मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर पूरे मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

उज्जैन में लगभग 500 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन मात्र 1 रुपये में एक ट्रस्ट को आवंटित की गई, जिसके ट्रस्टी मुख्यमंत्री के सांस्कृतिक सलाहकार बताए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि इस आवंटन की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और पूरे मामले को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

इस दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने टैक्स चोरी सहित अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इस अवसर पर एड.रोहित वंशकार(मोन्टी), गौरव सिंह राजपूत,नगर सोनू कुकरेले, डॉ रमाकांत रावत, ब्लॉक अध्यक्ष रिंकू यादव,भानु यादव, कपिल भोजक, संदीप सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Post

मॉक इंटरव्यू से निखर रहा व्यक्तित्व

Sat Jun 27 , 2026
बड़वानी,प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कॅरियर सेल द्वारा व्यावसायिक पाठ्यक्रम व्यक्तित्व विकास के विद्यार्थियों के लिए संवाद कौशल एवं साक्षात्कार दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से मॉक इंटरव्यू का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। मॉक इंटरव्यू के दौरान […]

You May Like