मुंबई | बॉलीवुड की हालिया रिलीज और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही फिल्म ‘धुरंधर 2’ को खेल जगत के दिग्गज विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने जमकर सराहा है। फिल्म देखने के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की, जिसमें अनुष्का ने फिल्म को एक ‘चमत्कार’ करार दिया। अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि भले ही यह फिल्म चार घंटे लंबी है, लेकिन आदित्य धर ने इसे इतनी बारीकी से बनाया है कि दर्शक इसमें पूरी तरह डूब जाते हैं। वहीं विराट कोहली ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय सिनेमा में अब तक ऐसा अनुभव पहले कभी नहीं किया था और फिल्म के हर इमोशन ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया है।
इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले रणवीर सिंह की एक्टिंग की विशेष रूप से तारीफ की जा रही है। विराट कोहली ने अपनी पोस्ट में रणवीर की परफॉर्मेंस को ‘अगले लेवल’ का बताया और कहा कि इस फिल्म के बाद वह नई ऊंचाइयां छुएंगे। अनुष्का शर्मा ने भी रणवीर के साथ-साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकारों को फिल्म का मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि हर एक्टर ने अपने किरदार को परफेक्शन के साथ पर्दे पर उतारा है, जिसके बिना यह फिल्म इतनी प्रभावशाली नहीं बन पाती। सितारों के इन रिव्यूज के बाद सोशल मीडिया पर ‘धुरंधर 2’ को लेकर जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है।
विराट और अनुष्का की तारीफों के बाद फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने भी बेहद विनम्रता से अपनी प्रतिक्रिया दी है। विराट की पोस्ट को री-शेयर करते हुए आदित्य ने लिखा कि वह अंडर-19 के दिनों से ही विराट के बड़े फैन रहे हैं और उनके जैसे दिग्गज से मिली तारीफ उनके लिए किसी बड़े सम्मान से कम नहीं है। आदित्य ने अनुष्का का भी शुक्रिया अदा किया और कहा कि ऐसे असाधारण टैलेंट से प्रोत्साहन मिलना उन्हें भविष्य में और भी ईमानदारी से कहानियां सुनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने संकल्प जताया कि वह अपनी फिल्मों के माध्यम से भारत को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करने का प्रयास जारी रखेंगे।

