लंदन/तेहरान | ईरान के नवनियुक्त सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर एक सनसनीखेज रिपोर्ट सामने आई है। ब्रिटिश अखबार ‘द टाइम्स यूके’ ने मंगलवार को राजनयिक ज्ञापनों (डिप्लोमैटिक मेमो) के हवाले से दावा किया है कि मोजतबा खामेनेई इस समय कोमा में हैं और ईरान के कोम शहर में उनका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, वे पूरी तरह बेहोश हैं और देश के किसी भी राजनीतिक या सैन्य निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं। इससे पहले खबरें आई थीं कि वे इजराइल-अमेरिका एयर स्ट्राइक के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनके पिता अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी। हालांकि ईरानी सरकारी मीडिया उनके नाम से संदेश जारी कर रहा है, लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है।
ईरान में नेतृत्व संकट की इन खबरों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को अब तक की सबसे कड़ी चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ईरान को समझौते (डील) के लिए पर्याप्त समय दिया है और अब समय सीमा समाप्त हो रही है। ट्रंप ने मंगलवार रात 8 बजे तक का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया कि यदि ईरान शर्तों को नहीं मानता है, तो उसके पास ‘न कोई पुल बचेगा और न ही कोई पावर प्लांट’। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने पिछले कुछ समय में ईरान की ताकत को काफी हद तक ‘खत्म’ कर दिया है और अब यह युद्ध को समाप्त करने का निर्णायक क्षण है।
खामेनेई के कोमा में होने और ट्रंप की सैन्य कार्रवाई की धमकी ने मध्य पूर्व (वेस्ट एशिया) में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। ‘द टाइम्स’ की रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि कोम शहर में उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं, जबकि रूसी राजदूत ने उन्हें इलाज के लिए रूस ले जाने की खबरों का खंडन किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि मोजतबा खामेनेई के निधन की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो ईरान में सत्ता के लिए आंतरिक संघर्ष छिड़ सकता है। फिलहाल पूरी दुनिया की नजरें बुधवार की सुबह होने वाली गतिविधियों पर टिकी हैं, क्योंकि ट्रंप की समय सीमा समाप्त होने के बाद अमेरिका किसी बड़े हमले की शुरुआत कर सकता है।

