हैदराबाद, 01 जून (वार्ता) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सोमवार को कोमाराम भीम आसिफाबाद ज़िले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे एवं राज्य की प्रमुख ‘इंदिराम्मा आवास योजना’ के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे।
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री आज शाम 5:45 बजे केरामेरी मंडल के कोठारी गाँव पहुँचेंगे। इस दौरान वह ‘इंदिरम्मा इल्लू’ योजना के तहत बने घरों के गृह-प्रवेश समारोह में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ‘इंदिरम्मा इल्लू’ कार्यक्रम के दूसरे चरण के उद्घाटन के मौके पर एक पिलर (स्तंभ) का भी अनावरण करेंगे। उनका इस आवास योजना के लाभार्थियों से सीधे बातचीत करने और इसके क्रियान्वयन की समीक्षा करने का भी कार्यक्रम है।
इसके बाद श्री रेवंत रेड्डी सड़क मार्ग से कागज़नगर एक्स रोड्स जाएँगे। उनके शाम करीब सात बजे के आसपास कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने की उम्मीद है। वहाँ वे कई विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे।
एवं एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री जनसभा के बाद मंचरियाल के लिए रवाना हो जाएँगे। उनका मंचरियाल के विधायक प्रेम सागर के आवास से रात दस बजे हैदराबाद के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।
