सतना: पुलिस के साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान का असर उस वक्त देखने को मिला जब मैहर के सतना रोड निवासी हेमा पांडे साइबर ठगों के जाल में फंसते फंसते बच गईं और दूसरे लोगों को भी सतर्क रहने की अपील की।प्राप्त जानकारी के मुताबिक हेमा के मोबाइल पर अननोन नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को एसबीआई का अधिकारी बताया और कहा कि फोनपे अकाउंट से 1-1 रुपये कई बार कटे हैं।
वो पैसे इकट्ठे होकर 10,000 हो गए हैं। हम आपके खाते में ट्रांसफर करना चाहते हैं, आप हमारा प्रोसेस फॉलो करें। ठग बार-बार प्रोसेस करने को कह रहा था औऱ प्रोसेस फॉलो ना करने पर खाता बंद करने की धमकी भी दे रहा था। जबकि एक दिन पहले ही मैहर पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों को जागरूकता अभियान चलाकर बताया था, कि बैंक कभी फोन पर बात करके खाते में छेड़छाड़ नहीं करता। हेमा ने भी सोशल मीडिया में चल रही खबरों को देखा औऱ यही पॉइंट याद रखा। हेमा ने ठग की बात मानने से मना कर दिया। धमकी के बाद भी वह नहीं डरी और ठग का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।
