
शुजालपुर, इस्लामी तारीख के हिसाब से यूं तो मोहर्रम का महीना नए साल की शुरुआत होती है, लेकिन मोहर्रम माह को हजरत इमाम हुसैन की शहादत के लिए याद किया जाता है. मोहर्रम पर्व के चलते शुक्रवार को सिटी व मंडी क्षेत्र में ताजियों का चल समारोह निकाला गया. मुस्लिम समाजजन मोहर्रम माह की 10 तारीख को हजरत इमाम हुसैन की शहादत के रूप में याद करते हैं.
शुजालपुर मंडी में सुबह से लेकर शाम तक लोग ताजिये की जियारत के लिए आते रहे. मंडी में दोपहर 3 बजे तक ताजिया मंडी की नूरानी जामा मस्जिद के समीप रखा गया. जहां सभी धर्म के श्रद्धालुओं ने जियारत करने के साथ चढ़ावा चढ़ाया और दुआ एवं प्रार्थना की. साथ ही वेयर हाउस रोड से सवारियां निकली और ताजिये भी अपने मुकाम से उठाए गए. इसके बाद ताजियों को जुलूस के साथ टेम्पो चौराहे पर जियारत के लिए रखा गया. रात को लगभग 10-11 बजे ताजियों को विसर्जन के लिए ले जाया गया.
सिटी में निकला चल समारोह
सिटी क्षेत्र में मोहर्रम पर्व का समापन शनिवार को होगा. मोहर्रम इंतजामिया कमेटी द्वारा नगर पालिका के सामने बस स्टेंड पर कलात्मक ताजिएदारों सहित उस्तादों व खलिफाओं का सम्मान किया जाएगा. शुक्रवार की दोपहर को विभिन्न स्थानों पर निर्मित किए गए ताजिए अखाड़ों के प्रदर्शन के साथ नदी किनारे पहुंचे. साथ ही सवारियों भी निकली. शाम को सभी ताजिए एक साथ अपने परम्परागत मार्गों से होते हुए सिटी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरे और रात्रि में बड़े बाजार में एकत्रिकरण हुआ. इस चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद थे. नागरिकों ने ताजियों का लोभान चढ़ाकर अगरबत्ती लगाते हुए दुआएं की. इस पर्व के चलते शांति व्यवस्था के लिए प्रशासनिक व पुलिस अमला मौजूद रहा.
