डलास, 26 जून (वार्ता) स्वीडन के साथ 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद जापान ने गुरुवार को फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। ब्राज़ील के खिलाफ़ राउंड-ऑफ-32 का मुश्किल मुकाबला सामने होने के बावजूद, ‘समुराई ब्लू’ (जापान की टीम) अपने अंतिम लक्ष्य – टूर्नामेंट जीतने – को लेकर आश्वस्त है। जापान ग्रुप ऍफ़ में पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। अनुभवी डिफेंडर 39 वर्षीय युटो नागाटोमो जापान को नॉकआउट चरण में पहुंचाने में मदद करने के बाद भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मैं सचमुच उत्साहित हूं। हमने इस पल की तैयारी में पिछले चार साल बिताए हैं। इस तरह का जुनून और भावना ऐसी चीज़ है जो मुझे केवल वर्ल्ड कप ही दे सकता है।” राउंड-ऑफ-32 में, जापान का सामना ग्रुप सी की विजेता ब्राज़ील से होगा, जो टूर्नामेंट की पसंदीदा टीमों में से एक है। फिर भी नागाटोमो ने जोर देकर कहा कि यह चुनौती टीम के लक्ष्य को नहीं बदलेगी। “हमारा लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है। प्रतिद्वंद्वी कोई भी हो, हमारे पास केवल एक ही विकल्प है – मैदान पर उतरना और जीतना।” स्वीडन के खिलाफ़ जापान का गोल करने वाले डाइज़ेन माएदा ने भी इसी आत्मविश्वास को दोहराया।
उन्होंने कहा, “यह निराशाजनक है कि हम आज जीत नहीं सके। हमें अच्छी तरह से रिकवर करने की ज़रूरत है क्योंकि हमें अगला मैच जीतना है। ब्राज़ील के खिलाफ़ खेलना निश्चित रूप से एक कठिन चुनौती होगी, लेकिन अगर हम ट्रेनिंग की तरह ही प्रदर्शन कर सकें, तो हमारे पास जीतने का मौका होगा।”
हालांकि ऐतिहासिक रूप से आमने-सामने के रिकॉर्ड में ब्राज़ील का दबदबा रहा है, लेकिन जापान ने पिछले अक्टूबर में एक फ्रेंडली मैच में पांच बार की विश्व चैंपियन टीम पर 3-2 से यादगार जीत हासिल की थी। जापान के मुख्य कोच हाजिमे मोरियासु ने कहा कि उस नतीजे से ब्राज़ील को अतिरिक्त प्रेरणा मिल सकती है। मोरियासु ने कहा, “हो सकता है कि उस मैच की वजह से वे और भी ज़्यादा प्रेरित हों।लेकिन हमें विश्वास है कि हमारे पास जीतने का मौका है, और मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि टीम पूरी तरह से तैयार हो।”
जापान 48 टीमों वाले इस बड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट चरण में जगह बनाने वाली पहली एशियाई टीम भी बन गई। मोरियासु ने कहा, “बेशक हम जापान का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हम पूरे एशिया का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। हमें उम्मीद है कि हमारे प्रदर्शन से पूरे एशिया के लोगों को आत्मविश्वास और हिम्मत मिलेगी। हम एशियाई फुटबॉल के स्तर को ऊपर उठाने में भी योगदान देना चाहते हैं और चाहते हैं कि एशियाई टीमें विश्व मंच पर अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता दिखाएं।” स्वीडन के नॉकआउट-स्टेज के प्रतिद्वंद्वी का अभी तक पता नहीं चला है, हालांकि किलियन एम्बाप्पे की कप्तानी वाली फ्रांस से मुकाबला होने की संभावना बनी हुई है। स्वीडन के कोच ग्राहम पॉटर इस अनिश्चितता को लेकर शांत थे। पॉटर ने कहा, “हालात आदर्श नहीं हैं, यह सच है। लेकिन हम जानते हैं कि हमारा सामना शायद एक मजबूत टीम से होगा। यही तो वर्ल्ड कप की खूबसूरती है।”

