
सिंगरौली। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोदवाली की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय अभिभावकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्राम निवासी प्रवीण कुमार तिवारी द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो और आवेदन साझा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की गई है।
आवेदन में दावा किया गया है कि विद्यालय समय पर नहीं खुलता, जिसके कारण कई बच्चे स्कूल पहुंचने के बाद वापस घर लौट जाते हैं। अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया है कि शिक्षकों की उपस्थिति नियमित नहीं रहती और वे अपनी सुविधा अनुसार विद्यालय आते-जाते हैं। साझा किए गए आवेदन में शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर भी प्रश्न उठाए गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में अध्ययनरत कई बच्चों को बुनियादी शैक्षणिक जानकारी, जैसे पहाड़े भी ठीक से याद नहीं हैं, जिससे पढ़ाई के स्तर को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों ने डीईओ से वीडियो का संज्ञान लेकर जांच टीम गठित करने, विद्यालय की वास्तविक स्थिति की जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों के भविष्य को देखते हुए विद्यालय में नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। फिलहाल आवेदन में लगाए गए आरोप अभिभावकों के दावे हैं, जिनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
