सोन नदी में डूबने से दो युवकों की मौत 

सीधी। जिले के सिहावल क्षेत्र के केतकिन घाट में गुरुवार सुबह सोन नदी में नहाने गए दो युवक लापता हो गए। एसडीआरएफ की टीम को सर्चिंग में एक युवक का शव मिला है। आरंभ से ही आशंका जताई जा रही है कि दोनों नदी में डूब गए हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है। दोनों युवक बुधवार रात एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। प्रत्यक्षदर्शी प्रिंस साकेत ने बताया कि वह राजा साकेत और संजय साकेत निवासी पोखरा के साथ में नहा रहा था। इसी दौरान राजा और संजय ने नदी पार करने की कोशिश की। नदी के बीच पहुंचते ही दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। प्रिंस के मुताबिक, दोनों युवकों ने मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह उन्हें बचा नहीं सका। इसके बाद वह गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण केतकिन घाट पहुंच गए। लोगों ने अपने स्तर पर युवकों की तलाश शुरू की लेकिन सोन नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस और सिहावल चौकी की टीम मौके पर पहुंची। अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिलने के बाद स्थिति का जायजा लिया गया और दोपहर करीब 12 बजे एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम केतकिन घाट में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाती रही। शाम को एक युवक का शव सर्चिंग में मिला है। दूसरे युवक की सर्चिंग का कार्य अंधेरा होने तक चला।

 

इनका कहना है-

 

सोन नदी में डूबे दोनों युवकों की सर्चिंग का कार्य एसडीआरएफ टीम द्वारा शुरू किया गया। शाम करीब 5.15 बजे पानी में डूबे संजय साकेत उम्र 21 वर्ष का शव बाहर निकाला गया। दूसरे युवक की सर्चिंग का कार्य अंधेरा होने तक किया गया। अब सर्चिंग का कार्य शुक्रवार सुबह से फिर किया जायेगा।

 

मयंक तिवारी , कमाण्डर एसडीआरएफ सीधी

Next Post

सीआरपीएफ नीमच में 76 महिला नवारक्षियों का दीक्षांत परेड संपन्न

Thu Jun 25 , 2026
नीमच। नवारक्षी प्रशिक्षण केन्द्र-प्रथम, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल नीमच में गुरूवार को 76 महिला नवारक्षियों द्वारा 44 सप्ताह का बुनियादी प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात शपथ ग्रहण एवं दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि: श्री प्रमोद कुमार सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक/प्राचार्य, रंगरूट प्रशिक्षण केन्द्र, केरिपुबल, नीमच […]

You May Like