मुंबई, 25 जून (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर डॉलर और कच्चे तेल में नरमी से गुरुवार को रुपये में मजबूती देखी गयी।
अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया 10 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.45 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा लगातार दूसरे दिन बढ़त में रही है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 21 पैसे की मजबूती के साथ 94.55 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज 25 पैसे चढ़कर 94.30 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 94.14 रुपये प्रति डॉलर तक चढ़ गया था।
दोपहर बाद रुपया 94.56 रुपये तक टूट गया। अंत में 94.45 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में गिरावट रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 0.6 प्रतिशत फिसल कर 73 डॉलर प्रति बैरल की ओर फिसल गया जो पश्चिम एशिया संकट से पहले के स्तर के काफी करीब है।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक 0.1 प्रतिशत टूट गया। इन दोनों कारकों से रुपया मजबूत हुआ है।
