केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान

इंदौर।  देश में नीट सहित कई परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और घोटालों के विरोध में कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरु किया है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा से शुरू किया गया उक्त आंदोलन अगले 40 दिनों तक देश के 28 प्रमुख शहरों में चलाया जाएगा। इसके तहत कोचिंग हब, कॉलेज और पुस्तकालयों में जाकर छात्रों व नौकरी के अभ्यर्थियों को एकजुट किया जाएगा। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के  सचिव अभिषेक दत्त ने पत्रकारों से कही।

आज प्रेस क्लब में अभिषेक दत्त ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को नेशनल ट्रामा एजेंसी करार देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस का कहना है कि पिछले 10 वर्षों में देश में 89 से अधिक पेपर लीक मामले सामने आए हैं, जिससे करीब 6.5 करोड़ युवा प्रभावित हुए हैं। कांग्रेस ने नीट 2026 पेपर लीक को अंदरूनी नाकामी बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और पेपर लीक माफिया के साथ उनके व भाजपा नेताओं के कथित संबंधों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत इस्तीफा दे। साथ ही पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए। एनटीए पेपर सेटिंग, प्रिंटिंग और वेंडर कॉन्ट्रैक्ट की जांच कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं। परीक्षा, रिजल्ट और नियुक्ति की तारीखें पहले से तय हों और उनका सख्ती से पालन हो।

छात्रों की गूंज अभियान के तहत 30 जून से शहरों में नुक्कड़ बैठकें और पर्चा वितरण किया जाएगा। इसके बाद 1 अगस्त को सभी 28 शहरों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव होगा और 9 अगस्त को दिल्ली चलो नारे के साथ इस आंदोलन के पहले चरण का समापन होगा। कांग्रेस ने छात्रों से जुडऩे के लिए एक मिस्ड कॉल नंबर 9873036161 जारी किया है। साथ ही युवा वेबसाइट पर जाकर भी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और छात्रों की गूंज के शहर समन्वयक पुनीत सिंह पारिया भी मौजूद थे।

Next Post

मानहानि मामले में राहुल गांधी का लिखित खेद आवेदन स्वीकार

Thu Jun 25 , 2026
जबलपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पनामा मामले में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के बेटे का नाम लेने पर हाईकोर्ट में लिखित में खेद व्यक्त किया। हाईकोर्ट जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल ने षिकायकर्ता की सहमति से भोपाल एमपी-एमएलए कोर्ट में लंबित मानहानि के प्रकरण को निरस्त करने के […]

You May Like