दमोह: मध्य प्रदेश के पशुपालन मंत्री लखन पटेल मुख्यमंत्री के आवाहन का अक्षरशः पालन कर रहे हैं.विश्व में पेट्रोल की कमी को देखते हुए सीएम ने सभी मंत्रियों-विधायकों से बिना लाव-लश्कर अपने वाहन से ही आने-जाने और कार्यकर्ताओं द्वारा अनावश्यक शक्ति प्रदर्शन न करने की अपील की थी.इसी क्रम में पथरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक व पशुपालन मंत्री लखन पटेल पिछले दो-तीन दिनों से दमोह स्थित अपने निवास पर जनता दरबार लगा रहे हैं.यहां वे आम जनता की शिकायतें सुनकर निराकरण कर रहे हैं इस दौरान किसी भी प्रकार का कार्यकर्ताओं का जमावड़ा या शक्ति प्रदर्शन नहीं देखा गया.
चर्चा में मंत्री लखन पटेल ने बताया कि युद्ध के कारण विश्व स्तर पर पेट्रोल की कमी हो गई है. इससे देश में सीमित मात्रा में ही पेट्रोल की आवाजाही हो रही है. उन्होंने कहा,हम सभी देशवासियों को पेट्रोल की बचत करनी चाहिए ताकि देश पर अतिरिक्त आर्थिक भार न आए और विशेष परिस्थितियों में लोगों को पेट्रोल पंप पर सुगमता से ईंधन उपलब्ध हो सके.मंत्री पटेल ने कहा कि वे यशस्वी मुख्यमंत्री के आदेशों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी इसकी अपील करते हैं.
