ऑपरेशन सिंदूर में युवा शक्ति की बेहतरीन भूमिका रही: सेना प्रमुख

नयी दिल्ली 31 अक्टूबर (वार्ता) सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान युवा शक्ति की भूमिका को बेहतरीन बताते हुए इसे भारत के संकल्प और संयम का बेहतरीन उदाहरण बताया है।

रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एक वक्तव्य जारी कर बताया कि जनरल द्विवेदी ने सेना द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘यंग लीडर्स फोरम’ ) को संबोधित करते हुए देश के भविष्य को आकार देने और इसकी संप्रभुता की रक्षा करने में भारत के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर दिया।

सेना प्रमुख ने भारत के जनसांख्यिकीय दृष्टिकोण से फायदेमंद स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 साल से कम उम्र की है। उन्होंने युवाओं को नवाचार, साहस और ऊर्जा का भंडार बताया जिसे अनुशासन और उद्देश्य के साथ सही दिशा में लगाना चाहिए।

जनरल द्विवेदी ने पुनर्गठन, प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करने वाली मुख्य पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में ‘सेना शाखा’ की स्थापना, टेक्नोलॉजी क्लस्टर का निर्माण और भारतीय सेना इंटर्नशिप कार्यक्रम (2025) की शुरुआत शामिल है।

उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भरता, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय गौरव के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया और उनसे एक सुरक्षित और आत्मनिर्भर विकसित भारत की दिशा में देश की यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री के विकसित भारत विजन को साकार करने में भारत के युवाओं और सशस्त्र बलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर दिया।

भारत की एकता और संप्रभुता में सरदार वल्लभभाई पटेल और मेजर बॉब खाथिंग के योगदान को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने देश की सभ्यतागत शक्ति और लचीलेपन की चर्चा की।

भारतीय जनता पार्टी के नेता तेजस्वी सूर्या ने ‘भारत के भविष्य के लिए एक प्रेरणादायक विजन’ विषय पर अपने विचार रखते हुए भारत की नैतिक और रणनीतिक शक्ति की नींव के रूप में युवा शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। कारगिल युद्ध की अपनी यादों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि कैसे बलिदान और हिम्मत ने उन्हें देश सेवा के प्रति समर्पित होने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर, अनुशासित और एकजुट भारत बनाने का आग्रह किया, जहां नवाचार और ईमानदारी विकसित भारत की दिशा में देश की प्रगति को आकार दें।

देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस फोरम में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना झलक दिखाई दी।

 

Next Post

व्यापार को सशक्त, सरल और सुगम बनाना सरकार का लक्ष्य : रेखा गुप्ता

Fri Oct 31 , 2025
नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य राजधानी में व्यापार को सशक्त, सरल और सुगम बनाना है। श्रीमती गुप्ता ने ऑल इंडिया रिटेलर्स इनिशिएटिव फॉर स्किलिंग एंड एंटरप्रेन्युशिप (एआरआईएसई) का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह पहल को […]

You May Like