‘वेलकम टू द जंगल’ का नया गीत ‘ओ मेरे बलम’ रिलीज

मुंबई, 25 जून (वार्ता) आगामी कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का नया गीत ‘ओ मेरे बलम’ रिलीज हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में सुनाई दी इसकी मधुर धुन को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, जिसके बाद निर्माता इसे लेकर आए हैं। निर्माताओं के अनुसार, ‘ओ मेरे बलम’ फिल्म के पहले रिलीज हुए गीत ‘तेरा पैसा मेरा पैसा’ से बिल्कुल अलग अंदाज का है। यह एक सॉफ्ट और सुरीला गीत है, जो अपनी मधुर धुन के जरिए फिल्म के संगीत एल्बम में नया रंग जोड़ता है।

गीत का संगीत आनंद राज आनंद ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल फरहाद सामजी ने लिखे हैं। काव्याकृति और साकेत बी ने इसे अपनी आवाज दी है। गीत के संगीत संयोजन और प्रोग्रामिंग का कार्य अंकित गुप्ता (अंकी) ने किया है, जबकि मिक्सिंग और मास्टरिंग भास्कर शर्मा ने की है। आनंद राज आनंद ने कहा, “जब हम ‘ओ मेरे बलम’ पर काम कर रहे थे, तब मेरी कोशिश थी कि इसकी धुन सीधे लोगों के दिल तक पहुंचे। हर गाने को बड़े संगीत या जटिल संरचना की जरूरत नहीं होती। कई बार एक आसान और दिल से निकली धुन ही लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आती है। ट्रेलर में इसकी छोटी-सी झलक को मिली प्रतिक्रिया हमारे लिए भी बेहद खास रही।”

उन्होंने कहा कि दर्शकों की उत्सुकता से यह स्पष्ट हो गया था कि गीत पहले ही लोगों के दिलों तक पहुंच चुका है और अब उन्हें उम्मीद है कि पूरा गीत भी श्रोताओं को पसंद आएगा। अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव और कृष्णा अभिषेक सहित कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म 26 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

.....

Next Post

कोविड के दौरान बंद होने की कगार पर था टीवीएफ : अरुणाभ कुमार

Thu Jun 25 , 2026
मुंबई, 25 जून (वार्ता) द वायरल फीवर (टीवीएफ) के संस्थापक अरुणाभ कुमार ने कहा है कि कोविड-19 महामारी के दौरान उनका प्रोडक्शन हाउस बंद होने की कगार पर पहुंच गया था, लेकिन परिवार और करीबी लोगों के समर्थन ने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया।अरुणाभ कुमार ने अपने संघर्षपूर्ण दौर […]

You May Like