शिवपुरी: कोलारस थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन बालिकाएं घायल हो गईं। यह घटना एनएच-46 पर पूरनखेड़ी गांव के पास कार और बाइक की भिड़ंत के चलते हुई। घायलों और मृतक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गुड़ा गांव निवासी राजू आदिवासी के रूप में हुई है। वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए भाटी गांव जा रहा था। उसकी बाइक पर 16 वर्षीय अनिता आदिवासी, 16 वर्षीय विनीता आदिवासी और एक अन्य बालिका सवार थीं, जो हादसे में घायल हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी अलग-अलग बाइकों से शादी समारोह में जा रहे थे।
पूरनखेड़ी गांव के पास यह हादसा हुआ। सामने से आ रही एक कार ने राजू की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को शिवपुरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने राजू आदिवासी को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायल बालिकाओं का उपचार किया जा रहा है।
