इंदौर: आमजन की शिकायतों के तुरंत निराकरण के लिए आयोजित जनसुनवाई में 90 आवेदनों पर सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. कई मामलों में मौके पर ही पहल कर राहत दिलाने की प्रक्रिया शुरू कराई गई.पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं. प्राप्त आवेदनों में पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी में मतभेद, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतें, साइबर व ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लोन, लेन-देन व संपत्ति विवाद सहित अन्य प्रकरण शामिल रहे.
सुनवाई के दौरान कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए, वहीं कुछ प्रकरणों में दूरभाष पर चर्चा कर तुरंत और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मयंक अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. वहीं पुलिस कमिश्नर ने कहा कि हर शिकायत का पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण प्राथमिकता है. जनसुनवाई के जरिए आमजन और पुलिस के बीच भरोसा मजबूत हो रहा है.
फर्जी लोन और साइबर फ्रॉड के मामले सबसे ज्यादा
जनसुनवाई में आए आवेदनों में साइबर ठगी और फर्जी लोन के मामले प्रमुख रहे. कई आवेदकों ने शिकायत की कि उनके नाम पर बिना जानकारी के लोन निकाल लिया. पुलिस ने ऐसे मामलों में तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके अलावा जनसुनवाई में पति पत्नी विवाद, किरायेदारी और जमीन मकान से जुड़े मामलों की भी बड़ी संख्या रही. कई प्रकरणों में मौके पर ही समझाइश और कार्रवाई के निर्देश दिए.
