शिवपुरी:जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के खजरा गांव में एक युवक की पत्थर से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक शादी समारोह में शामिल होने आया था। उसका शव गांव के बाहर पड़ा मिला। घटनास्थल से खून से सना पत्थर और एक खाली शराब की बोतल बरामद हुई है। पुलिस ने मृतक के साथ आए दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान शिवपुरी शहर के गौशाला क्षेत्र निवासी सुशील उर्फ शिम्पल उपाध्याय के रूप में हुई है।वह शिवपुरी-गुना बायपास स्थित सूर्या होटल में काम करता था। इसी होटल में उसके दोस्त शेषराम गुर्जर और कल्लू आदिवासी भी कार्यरत थे। कल्लू आदिवासी ग्राम बंगला, थाना बामौरकला का निवासी है। उसकी बेटी खजरा गांव में अपनी ननिहाल में रहती है।
गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कल्लू, सुशील और शेषराम शिवपुरी से खजरा पहुंचे थे। तीनों युवक गांव के बाहर गए थे, जहां उन्होंने शराब पार्टी की थी। इसके बाद सुशील उपाध्याय का शव गांव के बाहर पड़ा मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना पत्थर और एक खाली शराब की बोतल बरामद की है। पत्थर से हमला कर उसकी हत्या की गई है।
