
शुजालपुर। पिछले तीन दिनों से रूक-रूक कर जारी बारिश का दौर बुधवार को दिन में थमा रहा, हालांकि शाम के बाद आसमान में बादलों की उपस्थिति होने लगी और रिमझिम फूंहारे बरसने लगी. शुजालपुर में पिछले तीन दिनों में 4 इंच बारिश हुई और मंगलवार की सुबह से बुधवार की सुबह के मध्य 3 इंच के लगभग पानी बरसा. तहसील शुजालपुर में 1 जून से अब तक 17 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है, गत वर्ष इस अवधि तक लगभग 20 इंच बारिश हो गई थी. मंगलवार को दिनभर व रात में हुई बारिश से जलाशयों का जल स्तर अच्छा हो गया. शुजालपुर मंडी स्थित अंडर ब्रिज पानी से बुधवार को भी पुरी तरह लबालब रहा. अंडर ब्रिज से आगे भी दो तीन दिन वाहनों का गुजरना मुश्किल दिख रहा है. अंडर ब्रिज से आवागमन बंद होने के कारण रेलवे गेट पर बार-बार लम्बा जाम लगता रहा. उधर शहर की कई कॉलोनियों में जल भराव की स्थिति भी निर्मित हुई. साथ ही कच्चे मार्गो पर कीचड़ जमा हो गया. सिटी मंडी के मध्य दीपछाया कॉलोनी के रहवासी भी बारिश का पानी जमा होने से परेशान है. इस कॉलोनी के दोनों प्रमुख प्रवेश मार्गो पर बारिश का पानी बुधवार को भी भरा रहा. यहां पर निकासी की व्यवस्था नहीं होने से रहवासी परेशान हो रहे है. कॉलोनी के पीडी बैरागी ने बताया कि कुछ स्थानों पर पानी के निकासी के मार्ग को बंद कर दिया, जिसके कारण सडक़ों पर पानी जमा हो रहा है.
