आंधी में उड़ी सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला

सिंगरौली : मोरवा थाना क्षेत्र के मेढ़ौली में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। आरोप है कि पड़ोसी पक्ष के तीन लोगों ने घर पहुंचकर खिड़की का कांच तोड़ा और कुल्हाड़ी व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। इस मामले में मोरवा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मेढ़ौली आदर्श गंगा स्कूल के पास के निवासी अनिल कुमार पटवा ने मोरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 11 जून को आए आंधी-तूफान में उनके घर की सीटा उड़कर पड़ोसी आनंदराम उर्फ आनंद बसोर के घर की ओर चली गई थी। जिसमें उसकी सीट का नुकसान हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, हालांकि बाद में स्थानीय पार्षद के दखल से आपसी समझौता हो गया था।

आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 21 जून की रात करीब 10:30 बजे आनंदराम उर्फ आनंद अपने पुत्रों लालता प्रसाद वर्मा और मिंटू वर्मा के साथ अनिल पटवा के घर पहुंचा। तीनों ने पहले घर की खिड़की का कांच तोड़ा। शोर सुनकर जब अनिल पटवा, उनकी पत्नी गीता देवी और पुत्र हर्षित कुमार बाहर निकले तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
फरियादी के अनुसार आनंदराम ने कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे अनिल पटवा के सिर में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी गीता देवी को भी कुल्हाड़ी लगने से सिर में चोट आई। वहीं पुत्र हर्षित कुमार को लालता प्रसाद और मिंटू वर्मा ने लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसे सिर, पीठ और कंधों में चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

घटना के दौरान आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते समय आरोपियों द्वारा दोबारा विवाद करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मोरवा निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1), 296(बी), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Next Post

महानाट्य ‘युगप्रवर्तक’ में जीवंत हुई डॉ.हेडगेवार की गाथा, 45 कलाकारों ने 40 से अधिक भूमिकाओं में किया अभिनय

Tue Jun 23 , 2026
ग्वालियर: महानाट्य ‘युगप्रवर्तक’ ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। जीवाजी विश्वविद्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में नादब्रह्म नागपुर के 45 कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस भव्य महानाट्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रचिंतन और संगठन निर्माण की यात्रा को प्रभावशाली ढंग से […]

You May Like