नागपुर, (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नागपुर में उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किये गये। यशवंत स्टेडियम में नगर निगम और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लिया।
महापौर नीता ठाकरे ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी और योग साधक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सामूहिक योग सत्र, बच्चों द्वारा योग प्रदर्शन और विशेष चक्रासन दौड़ का आयोजन किया गया। नागपुर पुलिस के ‘ऑपरेशन थंडर’ अभियान के तहत प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलायी गयी।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम की ओर से प्रतिभागियों को नि:शुल्क पौधों का वितरण किया गया।
योग विशेषज्ञों ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए इसके शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेटों और स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया।
