
ब्यावरा। नीट का पर्चा लीक होने के बाद आज फिर से इसकी परीक्षा आयोजित की गई. जिले के 11 परीक्षा केन्द्रों पर 1761 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी. मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली नीट री एग्जाम 2026 परीक्षा रविवार को चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बीच की गई. परीक्षा केन्द्र जहां छावनी में तब्दील नजर आए वहीं परीक्षा कक्ष में जाने से पहले विद्यार्थियों से हाथ का कलावा, ब्रेसलेट, घड़ी के साथ मोजे भी उतरवाए गए. सुरक्षा को बेहद चौकस रखा गया.
सुबह 11 बजे से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया के दौरान केंद्रों पर विद्यार्थियों और उनके परिजनों की भीड़ देखने को मिली. वहीं दोपहर 1.30 बजे प्रवेश का समय समाप्त होने से कुछ मिनट पहले कई छात्र दौड़ते हुए केन्द्रों पर पहुंचे. समय पर केंद्र में प्रवेश पाने की चिंता उनके चेहरों पर साफ दिखाई दे रही थी.
परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चली. निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया. प्रवेश से पहले परीक्षार्थियों की पहचान जांच, दस्तावेज सत्यापन और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया पूरी की गई. वहीं पूरे समय पुलिस का काफी कड़ा पहरा परीक्षा केन्द्रों पर देखा गया. गर्मीं उसम के मौसम को देखते हुए एम्बुलेंस की तैनाती भी परीक्षा केन्द्रों के समीप रखी गई थी.
सुरक्षा के रहे
कड़े इंतजाम
परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है. केंद्रों के भीतर और बाहर निगरानी रखी जा रही है. परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों के बाहर हलचल का माहौल रहा. अभ्यर्थी अंतिम समय तक अपने प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच करते नजर आए. कई अभिभावक भी बच्चों को केंद्र तक छोडऩे पहुंचे. प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा जिला कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने भी परीक्षा केन्द्रों पर निरीक्षण किया. एक दिन पूर्व भी मॉक टेस्ट केन्द्रों का किया गया था.
