नागपुर | 10 जनवरी, 2026: विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) आगामी 21 जनवरी को नागपुर के जामठा स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। दोनों टीमें 19 जनवरी को नागपुर पहुँच जाएँगी। खास बात यह है कि 2016 के विश्व कप के बाद यहाँ इन दोनों टीमों के बीच यह पहला द्विपक्षीय टी20 मुकाबला होगा। मैच शाम 7 बजे शुरू होगा, जिसके लिए दर्शकों को स्टेडियम में दोपहर 4 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। वीसीए ने दर्शकों की सुविधा के लिए मुफ्त पार्किंग और पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
आम जनता के लिए टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 17 जनवरी को सुबह 10 बजे से ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमाटो’ ऐप और वेबसाइट पर शुरू होगी। टिकटों की शुरुआती कीमत 650 रुपये रखी गई है। एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट बुक कर सकेगा। ऑनलाइन बुक किए गए टिकटों को 18 से 20 जनवरी के बीच सिविल लाइंस स्थित बिलिमोरिया हॉल से प्राप्त (रिडीम) करना अनिवार्य होगा, क्योंकि मैच के दिन स्टेडियम पर कोई काउंटर नहीं होगा। वहीं, वीसीए के लाइफ मेंबर्स के लिए ऑफलाइन टिकटों की बिक्री 13 से 15 जनवरी तक संचालित की जाएगी।
दर्शकों को स्टेडियम तक पहुँचाने के लिए मेट्रो और बस सेवाओं के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। न्यू एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन से स्टेडियम तक शटल बसें उपलब्ध रहेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेडियम के भीतर बैग, पानी की बोतल, भोजन, कैमरा और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित है। एक बार बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश (री-एंट्री) नहीं मिलेगी। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मैदान में अनाधिकृत प्रवेश या किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

