इंदौर: शहर में झुग्गीवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए विकास प्राधिकरण द्वारा उन्हें मल्टी में बसाया गया था, लेकिन अब सुविधाओं के अभाव में यहां रहने वाले लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं.ऐसा ही मामला वार्ड क्रमांक 40 के स्टार चौराहा क्षेत्र के पास स्थित विकास प्राधिकरण की स्कीम नंबर 131 की मल्टी से सामने आया है.
यहां अधिकांश रहवासी मजदूर और गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले हैं. जिन वादों के साथ इन्हें यहां बसाया गया था, जमीनी हकीकत उससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है. नवभारत की टीम ने शुक्रवार को मल्टी के ए ब्लॉक का दौरा किया तो यहां पाया कि चारों तरफ गंदगी फैली हुई है. चेंबर के ढक्कन टूटे पड़े हैं और सीवरेज पाइपलाइन जगह जगह से फूटी हुई है.
पाइप और चेंबर से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है. गंदगी के कारण मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है. सफाई कर्मी आकर केवल औपचारिक सफाई कर लौट जाते हैं, जबकि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा. यहां के रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद सीवरेज लाइन को ठीक नहीं किया गया है और स्थिति जस की तस बनी हुई है.
रहवासियों ने कहा…
जिस उम्मीद से हम यहां रहने आए थे, वह पूरी नहीं हुई, यहां सुविधाओं का अभाव है और चारों तरफ गंदगी फैली रहती है. हमारी समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं हो रहा.
– जितेंद्र धीमान
यहां पर चारों तरफ इतनी गंदगी है कि बच्चे खेल भी नहीं पाते. सफाई कर्मी कचरा इकट्ठा कर ढेर लगाकर छोड़ देते हैं, उसे उठाया नहीं जाता, जिसके चलते हम गंदगी में रहने को मजबूर हो रहे है.
– सुनीता बाई
बारह महीने गंदगी बहती रहती है. सफाई होती भी है तो दो-चार दिन में फिर वही स्थिति हो जाती है. यहां की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है, मगर कोई सुनने को तैयार नहीं है.
– छाया चौधरी
यहां के लोग सीवरेज फ्लश में कचरा डाल देते हैं, जिससे पाइप चोक हो जाती हैं. कई बार लोग पाइप तोड़ देते हैं. समस्या के समाधान के लिए रहवासियों से बात करूंगा, क्योंकि साफ सफाई में उनकी जिम्मेदारी भी बनती है.
– पुष्पेंद्र पाटीदार
