इंदौर:निगमायुक्त ने निरीक्षण में भवन अधिकारी और निरीक्षक को निर्माणाधीन भवन के आगे सफाई और अवैध निर्माण नहीं होने की चेतावनी दी. साथ रीजनल पार्क में सफाई व्यवस्था को लेकर दरोगा को फटकार भी लगाई. अटल बिहारी बाजपेई उद्यान (रीजनल पार्क) एवं जोन 18 में विभिन्न क्षेत्रों सहित आईटी चौराहे स्थित जीटीएस का निरीक्षण किया. आयुक्त ने अग्रवाल नगर, भंवरकुआं, जानकी नगर, सपना संगीता रोड, मैकेनिक नगर, ओल्ड अग्रवाल नगर, अग्रसेन नगर चौराहे का दौरा किया.
रीजनल पार्क में तैनात कर्मचारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए. रीजनल पार्क में जो कर्मचारी कार्य नहीं कर रहे है, उनको हटाने के लिए कहा गया. इस दौरान पार्क में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर दरोगा को फटकार लगाई एवं सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।इसके बाद आयुक्त ने अग्रवाल नगर और जानकी नगर बगीचे में नए बने गजीबो में जनता के बैठने वाली कुर्सी की चौड़ाई मात्र 9 इंच होने पर सब इंजीनियर को डांटा. नागरिकों के बैठक कुर्सी की चौड़ाई बढ़ाने और पाथवे ब्लॉक व्यवस्थित करने के निर्देश दिए.
एमओएस पर चढ़ाव व दीवार तोड़ने के निर्देश
आयुक्त यादव ने निरीक्षण के दौरान देखा कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल फैला होने से यातायात बाधित हो रहा है. उक्त मामले में सभी भवन अधिकारी एवं भवन निरीक्षक को अपने-अपने जोन क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन का बिल्डिंग मटेरियल रोड पर न फैले तथा रोड का आवागमन व्यवस्थित करने के आदेश जारी किए. अग्रवाल नगर में बाहर रोड किनारे पर चौकीदार के लिए बने चद्दर शेड हटाने का अधिकारियों से कहा है. अग्रसेन नगर चौराहे पर सपना संगीता रोड एवं ओल्ड अग्रवाल नगर में निर्माणाधीन बिल्डिंग में एमओएस पर चढ़ाव एवं बनी दीवार तोड़ने का अधिकारी से कहा गया.
पार्किंग एरिया खुला रखें
आयुक्त ने अपर आयुक्त भवन अनुज्ञा से कहा कि सभी भवन अधिकारी एवं निरीक्षक को पार्किंग एरिया खुला रखने एवं निर्माणाधीन भवन के सामने साफ रखने और अवैध निर्माण या अतिक्रमण ना हो इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए. रिंगरोड आईटी चौराहे पर स्थित जीटीएस का दौरा कर कितना कचरा, कितनी गाड़ी और कितनी कैपिसिटी है, इसकी जानकारी लेकर ग्रीन वेस्ट हटाने के निर्देश दिए
