छात्रों ने लिया ‘एंटी-रैगिंग’ संकल्प, माधव लॉ कॉलेज में मना ‘एंटी-रैगिंग डे’

ग्वालियर। “रैगिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह किसी भी युवा के आत्मविश्वास और भविष्य को आघात पहुँचाती है। एक सुरक्षित और आत्मीय परिसर का निर्माण हम सभी की साझी जिम्मेदारी है।” यह विचार माधव विधि महाविद्यालय की प्राचार्या ने ‘एंटी-रैगिंग डे’ के अवसर पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में व्यक्त किए।

शिक्षा मंत्रालय, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और सेंटर फॉर यूथ के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस सत्र की शुरुआत प्राचार्या के उद्बोधन से हुई। उन्होंने नए विद्यार्थियों के लिए भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया। छात्र प्रतिनिधि ने अपने संबोधन में साथियों से संवाद व सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया, जिसके बाद उपस्थित सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘एंटी-रैगिंग’ की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “से नो टू रैगिंग चूस रिस्पेक्ट” संदेश पर आधारित रचनात्मक पोस्टर्स प्रस्तुत किए। परिसर में स्थापित विशेष ‘सिग्नेचर वॉल’ पर लाल हाथ के प्रतीकात्मक निशानों के साथ सभी ने हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त एंटी-रैगिंग नियमों और कानूनी प्रावधानों पर आधारित एक जागरूकता क्विज़ का आयोजन हुआ।

सीनियर और जूनियर विद्यार्थियों के बीच आपसी सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष बॉन्डिंग गतिविधियां कराई गईं, जहाँ छात्रों ने सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाईं और सोशल मीडिया पर साझा कर अभियान को गति दी। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Next Post

दुनिया के 50 देशों में आयुर्वेद चिकित्सा का विस्तार हुआ-पांडे

Mon Sep 14 , 2026
उज्जैन। मध्यप्रदेश आयुर्वेद सम्मेलन संस्था की प्रांतीय कार्यकारिणी समिति की बैठक मध्य प्रदेश सामाजिक विज्ञान शोध संस्थान भरतपुरी में आयोजित की गई। मुख्य अतिथि एसएन पांडे ने दीप प्रज्जवलित कर भगवान धन्वंतरि के पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रदेश से उज्जैन के अतिरिक्त इंदौर, देवास, नीमच, सागर, विदिशा, […]

You May Like