ताला खोलते समय कट्टे का ट्रिगर दबा, युवक घायल, हालत गंभीर

जबलपुर: गढ़ा थाना अंतर्गत कृपाल चौक के पास शनिवार दोपहर घर का ताला खोलते समय एक युवक के पास मौजूद लोडेड कट्टे का ट्रिगर अचानक दब गया। कट्टे से निकली गोली सीधे युवक के दाहिने हाथ में जा लगी। गोली लगते ही युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार शर्मा ने बताया कि कृपाल चौक के पास किराए के मकान में रहने वाला शुभम सिंह ठाकुर पिता दिलीप सिंह ठाकुर (20) शनिवार को अपने घर में ताला लगाकर किसी काम से बाहर गया हुआ था। दोपहर करीब तीन बजे जब वह वापस लौटा, तो उसके हाथ में एक अवैध लोडेड कट्टा था। शुभम जैसे ही अपने कमरे का ताला खोलने लगा, तभी अचानक कट्टे का ट्रिगर दब गया और फायर हो गया।

गोली सीधे उसके दाहिने हाथ को चीरती हुई पार हो गई। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि घायल शुभम अभी बेहद गंभीर स्थिति में है और फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। युवक के पास अवैध लोडेड कट्टा कहाँ से आया। वह कट्टा लेकर किस वारदात को अंजाम देने या किस काम से गया था गोली किन परिस्थितियों में चली समेत अन्य बिन्दुओं पर विस्तृत जांच चल रही है। घायल युवक के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी। जांच के आधार पर आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में नगर निगम फिर अव्वल

Sun Jun 21 , 2026
जबलपुर: प्रदेश में नगर निगम जबलपुर ने सी एम हैल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में बाजी मारी है और प्रदेश में ए ग्रेड हासिल करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। जानकारों के अनुसार एक मई 2026 से 20 जून तक नगर निगम जबलपुर में सी एम हेल्पलाइन में […]

You May Like