
ताल। ग्राम कोठड़ी में खेत पर गए 35 वर्षीय किसान का शुक्रवार सुबह खेत में खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम कोठड़ी निवासी राजेंद्र सिंह दांगी (35) के रूप में हुई है। मृतक रोजाना की तरह अपने खेत पर कृषि कार्य करने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह जब परिजन खेत पर पहुंचे तो राजेंद्र सिंह का शव खेत में पड़ा मिला।मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची।
पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की शिकायत और परिस्थितियों को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतक के सिर पर चोट के निशान है।
पुलिस हत्या मानकर कर रही जांच
पुलिस के अनुसार फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और न ही किसी संदिग्ध की पहचान हो सकी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और हत्या के तरीके को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
