चंडीगढ़ 20 जून (वार्ता) पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और भीषण गर्मी का असर अब आम आदमी की रसोई पर साफ दिखाई देने लगा है। पिछले 15 दिनों में सब्जियों और फलों के दामों में 20 से 40 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मंडी व्यापारियों के अनुसार डीजल महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ गया है, जबकि गर्मी के कारण सब्जियों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे बाजार में आपूर्ति कम हो गई है। सबसे ज्यादा असर टमाटर, प्याज, नींबू, हरी मिर्च और लहसुन की कीमतों पर पड़ा है। टमाटर का भाव 20 रुपये से बढ़कर 50 रुपये प्रति किलो, प्याज 20 से 30 रुपये प्रति किलो और नींबू 50 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। लहसुन 150 से 200 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। घीया और तोरी के दाम भी 30-32 रुपये से बढ़कर 40-45 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
सब्जी विक्रेता सचिन ने बताया कि पहले ट्रक का भाड़ा 18-20 हजार रुपये था, जो अब बढ़कर 25 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा तेज गर्मी के कारण सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं, जिससे लागत बढ़ रही है।
महंगाई का असर ग्राहकों पर भी पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जहां पहले वे एक किलो सब्जी खरीदते थे, अब आधा किलो खरीदकर काम चला रहे हैं। बढ़ती कीमतों से घरेलू बजट बिगड़ गया है और लोग कम दाम वाली सब्जियों की ओर रुख कर रहे हैं।
