जबलपुर: महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के 21 जून को प्रस्तावित आगमन और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36 वें दीक्षांत समारोह को लेकर पूरे विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। शुक्रवार को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत स्वर्णपदक विजेताओं, उपाधिधारकों तथा विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े संकायाध्यक्षों, प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने रिहर्सल में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भीषण गर्मी के बावजूद प्रतिभागियों ने घंटों अभ्यास कर समारोह को सफल बनाने के लिए जमकर पसीना बहाया। रिहर्सल के दौरान स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने मंच पर पहुंचकर पदक एवं उपाधि ग्रहण करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। उन्हें मंच संचालन, आगंतुकों के समक्ष प्रस्तुति, पदक ग्रहण करने की विधि तथा निर्धारित प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी दी गई थी।
कुलगुरु प्रो. वर्मा ने नवभारत को बताया कि राष्ट्रपति भवन से प्राप्त कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार चयनित 20 स्वर्ण पदक धारकों को माननीय राष्ट्रपति स्वयं अपने हाथों से पदक प्रदान करेंगी। निर्धारित प्रोटोकाल के अंतर्गत उनके दीक्षांत प्रेक्षागृह से प्रस्थान के पश्चात् उच्च शिक्षा मंत्री के हाथों से शेष स्वर्ण पदक एवं उपाधियां प्रदान की जायेंगी। दीक्षांत रिहर्सल के दौरान मंच तक पहुंचने, उपाधि एवं पदक ग्रहण करने, अतिथियों के स्वागत, बैठने की व्यवस्था तथा समारोह की संपूर्ण कार्यप्रणाली का अभ्यास कराया गया। विदित हो कि गत दिवस राष्ट्रपति के हाथों सम्मान न मिलने की बात पर स्वर्ण पदक धारी और पीएचडी उपाधि की छात्राओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए विरोध दर्ज कराया था जिसके बाद विवि प्रशासन ने फैसला लिया कि राष्ट्रपति के बाद उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा भी पात्र छात्र-छात्राओं को सम्मानित कराया जाएगा।
अंतिम चरण में पहुंची तैयारियां
कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर को भी समारोह के अनुरूप सजाया-संवारा जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार आगामी दीक्षांत समारोह संस्थान के इतिहास के महत्वपूर्ण आयोजनों में से एक होगा, जिसमें महामहिम राष्ट्रपति के साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगू भाई पटेल, विशिष्ट अतिथि माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात, आतिथ्य और आयोजन संबंधी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
दीक्षांत समारोह की फाइनल रिहर्सल आज
विश्वविद्यालय के 36 वें दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए 20 जून को फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसमें विश्वविद्यालय के सभी संबंधित अधिकारी, स्वर्ण पदक विजेता, उपाधि धारक निर्धारित पूर्ण गणवेश में भाग लेंगे। रिहर्सल में संकायाध्यक्षों एवं कार्यपरिषद के सदस्यों की भी उपस्थिति रहेगी। रिहर्सल के दौरान राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन से लेकर मंच संचालन, दीक्षांत यात्रा, अतिथियों के स्वागत, पदक एवं उपाधि वितरण तथा समारोह की अन्य व्यवस्थाओं का क्रमवार अभ्यास किया जाएगा।
