वन विभाग की मदद से मानपुर अस्पताल में कराया गया भर्ती, इलाज जारी
उमरिया:बाँधवगढ़ टाईगर रिजर्व के परिक्षेत्र पनपथा (कोर) अंतर्गत ग्राम चिल्हारी के समीपी चंसुरा बीट के जंगल कक्ष क्रमांक आरएफ-445 में चरवाहे पर बाघ ने हमला कर दिया जिससे चरवाहा बुरी तरह घायल हो गया। जिसके बाद घायल चरवाहे को वन विभाग की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जाता है कि चरवाहा रामदास पाल पिता ललुआ पाल उम्र 55 निवासी ग्राम चंदवार मवेशियों को चराने जंगल गया था कि तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने मवेशियों पर हमला कर दिया जिससे चरवाहा जोर-जोर से चिल्लाने लगा जिसके बाद बाघ मवेशियों को छोड़ चरवाहे पर हमला कर दिया, इसी बीच आसपास अन्य चरवाहों ने हो-हल्ला मचाया तब कहीं जाकर बाघ चरवाहे को छोड़ कर जंगल की ओर भागा। जिसके बाद पूरे मामले की सूचना वन विभाग को दी गई जिसके बाद वन विभाग की मदद से घायल चरवाहे को इलाज के लिए मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है।
