
रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए एक ही दिन में 70 क्रैक ट्रेनों का सफल संचालन कर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। 17 जून 2026 को हासिल की गई इस उपलब्धि के साथ मंडल ने 30 मई 2026 को बनाए गए 66 क्रैक ट्रेनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि 17 जून को संचालित कुल ट्रेनों में से 52.63 प्रतिशत क्रैक ट्रेनों का संचालन किया गया, जो मंडल के इतिहास में अब तक का सर्वोच्च प्रतिशत है। यह उपलब्धि परिचालन, वाणिज्य, विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा इंजीनियरिंग विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, क्रैक ट्रेनों का संचालन माल परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और तेज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस प्रणाली से रेल पथ का अधिकतम उपयोग संभव होता है, चालक दल की आवश्यकता कम होती है, ट्रेनों के ठहराव में कमी आती है और समय की भी उल्लेखनीय बचत होती है। इससे माल ढुलाई की गति बढऩे के साथ ग्राहकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराई जा सकती है।
