इंदौर: शहर के पलसीकर कॉलोनी स्थित सुखमणि पेट्रो फिलिंग स्टेशन भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड डीलर ने ग्राहक सुविधा को विस्तार देते हुए डीजल होम डिलीवरी सेवा शुरू की है. भारत पेट्रोलियम की नई पहल ‘जिप्प फ्यूल’ के तहत इंदौर में पहली बार ग्राहकों को जेरी कैन के माध्यम से डीजल की आपूर्ति की जाएगी.
फिलिंग स्टेशन प्रबंधन के अनुसार अब ग्राहक अपनी आवश्यकता के अनुसार घर बैठे डीजल मंगा सकेंगे.
डीजल की आपूर्ति पेसो (पेट्रोलियम एंड एक्सप्लोसिव्स सेफ्टी ऑर्गेनाइजेशन) से अनुमोदित विशेष कैनों में की जाएगी, जिससे सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित होगा. हाल के महीनों में सरकार द्वारा केवल पेसो-अनुमोदित कैनों में ही डीजल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए थे. इसके बाद कई उपभोक्ताओं को डीजल प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.
विशेष रूप से कृषि, निर्माण और जनरेटर संचालन से जुड़े उपभोक्ताओं को बार-बार पेट्रोल पंप तक आना पड़ता था. ग्राहकों की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सुखमणि पेट्रो फिलिंग स्टेशन ने जेरी कैन के माध्यम से डीजल डिलीवरी सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है. पेट्रोल पंप प्रबंधन के राजेन्द्र वासु का कहना है कि यह पहल ग्राहकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
सुखमणि पेट्रो ने उम्मीद जताई है कि यह नई सेवा उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी साबित होगी और उन्हें डीजल की उपलब्धता से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलेगी. इससे सोसायटी में लगे जनरेटर के अलावा अन्य ग्राहकों को यह सुविधा नाम मात्र शुल्क पर होगी यह सुविधा पहले से भारत पेट्रोलियम द्वारा दी जाती थी लेकिन इस सुविधा को किसी ने नहीं अपनाया था.
