जबलपुर: सिविल लाइन थाना अंतर्गत समीक्षा टाउन फेज-2 में बीती रात रेत अनलोडिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण सामग्री से भरा एक तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर पास खड़ी चार कारों पर पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चारों गाड़ियां हाईवा के नीचे दबकर पूरी तरह चकनाचूर हो गईं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
जानकारी अनुसार समीक्षा टाउन फेज-2 में एक रिहायशी मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। देर रात निर्माण कार्य के लिए रेत से भरा एक हाईवा पहुँचा था। रात के सन्नाटे में जब चालक वाहन से रेत खाली कर रहा था, तभी अचानक हाईवा का संतुलन बिगड़ गया और वह बगल में पार्क की गई कारों पर जा गिरा। रात का समय होने के कारण अधिकांश लोग घरों में सो रहे थे, जिससे किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।
सुबह जब कार मालिकों की आँख खुली, तो बाहर अपनी गाड़ियों को मलबे में तब्दील देख उनके होश उड़ गए। हादसे के तुरंत बाद आरोपी चालक कानूनी कार्रवाई के डर से वाहन को मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्काल भारी-भरकम क्रेन को मौके पर बुलवाया और कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को कारों के ऊपर से अलग किया। स्थानीय निवासियों ने इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया है।
