
पटना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका, चिरैया, नरकटिया और मोतिहारी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रामराज की सच्ची ताकत बिहार की भूमि से आती है। यह चुनाव धर्म और अधर्म के बीच का संग्राम है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दी है और अब बिहार को भी विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
डॉ. यादव ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच आतंकवादी पाकिस्तान में सुरक्षित रहते थे, लेकिन आज अपराधी वहां भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने गरीबों, किसानों और महिलाओं के कल्याण के लिए मोदी सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि “एनडीए ही सच्चे अर्थों में जनता की सरकार है, जबकि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता को केवल वोट बैंक समझते हैं।
ढाका विधानसभा में आयोजित रोड शो में डॉ. यादव का भव्य स्वागत किया गया। सड़कों पर भारी जनसैलाब उमड़ा और लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने जनता से एनडीए प्रत्याशियों को ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
