
इंदौर। शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पिछले दो दिनों से लापता एक युवती का शव उसके साथी मित्र के बंद कमरे में बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती का शव द्वारकापुरी स्थित अंकल गली की एक बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पाया गया। बताया जा रहा है कि शव आपत्तिजनक हालत में मिला है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। युवती पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुँच गई हैं। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शुरुआती जांच में यह कमरा युवती के किसी परिचित साथी का बताया जा रहा है, जो फिलहाल गायब है। पुलिस अब बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
